श्री राम जानकी मंदिर में महादेव का तिलक समारोह हुआ, शिव रात्री के दिन निकलेगा भव्य शोभायात्रा
छपरा। श्री राम जानकी मंदिर में आज भगवान भोलेनाथ का तिलक समारोह भव्य रूप से संपन्न हुआ। इस पावन अवसर पर नगरवासियों में विशेष उत्साह दिखा। पूरे शहर मेधार्मिक माहौल बना हुआ है। मंदिर परिसर को फूलों, दीपों और रंग-बिरंगी लाइटों से आकर्षक ढंग से सजाया गया है। महाशिवरात्रि पर्व की शुरुआत इसी तिलक समारोह से होती है, जो शिव-पार्वती के दिव्य मिलन का प्रतीक है। मंदिर व्यवस्थापक सूरज प्रकाश ने बताया कि इस वर्ष तिलक समारोह को ऐतिहासिक बनाने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। श्रद्धालु निश्चिंत होकर इस दिव्य अवसर का आनंद ले सकें, इसके लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। स्थानीय कलाकार भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। भगवान शिव और माता पार्वती के पावन मिलन की कथा जीवंत की जाएगी।
कब क्या होगा
तिलक समारोह के बाद 24 फरवरी को भगवान शिव का मतकोड़ (हल्दी) समारोह होगा। इसमें शिवजी की मूर्ति का हल्दी और चंदन से अभिषेक किया जाएगा। 25 फरवरी को मेहंदी उत्सव होगा, जिसमें शिव विवाह के पारंपरिक गीत और नृत्य होंगे। 26 फरवरी को भगवान शिव की भव्य बारात नगर भ्रमण करेगी। सैकड़ों श्रद्धालु इसमें शामिल होंगे। झांकियों और बैंड-बाजों के साथ बारात का स्वागत किया जाएगा।